सुभाष ठाकुर, बिलासपुर: पीडब्ल्यूडी के सब डिवीज़न व सेक्शन कपाहड़ा (मोहड़ा), आईपीएच सेक्शन कपाहड़ा ओर पशु औषधालय पपलाह (पन्याला) को प्रदेश की कांग्रेस सरकार की ओर से डी नोटिफाई करने के विरोध में लोगों के साथ मिलकर भाजपा ने इन्हें दोबारा बहाल करने को आवाज बुंलद की। सोमवार को इसके विरोध प्रदर्शन करते हुए मोहड़ा बाजार में रैली निकाली गई ओर सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया गया।
पूर्व मंत्री राजेंद्र ने कहा कि कांग्रेस सरकार लोगों के हितों के साथ खिलवाड़ कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जब तक ये कार्यालय दोबारा बहाल नहीं होंगे, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। कांग्रेस सरकार नए कल्चर को जन्म दे रही हैं। गर्ग ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि रिव्यू करना कोई गलत बात नहीं है , लेकिन रिव्यू से पहले कार्यालय डिनोटिफाइड करना गलत हैं। भाजपा सरकार ने लोगों की मांग पर कार्यालयों को खोला था लेकिन अब कांग्रेस सरकार बनते ही उन्हें बंद करके गलत फ़ैसले ले रही हैं।
उन्होंने कहा कि इन कार्यालयों के खुलने से इस क्षेत्र की हज़ारों आबादी को लाभ होना था। इन कार्यलयों के खुलने से पपलाह, कपाहड़ा, करलोटी, कोटलू ब्रहाम्नां, पलासला, छत व संडयार की 7 पंचायतों के हज़ारों लोगों को इसका लाभ मिलना शुरू हो गया था। गर्ग ने कहा कि इन कार्यालयों को डिनोटिफाइड करना कांग्रेस सरकार का गलत निर्णय है। अगर इन फैसलों को नहीं बदला गया तो भाजपा उग्र आंदोलन करेगी।
