नाहन/देवेन्द्र कुमार: त्योहारी सीजन शुरू होते ही मिलावटखोर सक्रिय हो गए हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग जिला सिरमौर ने ऐसे लोगों के व्यापारिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के 46 सैंपल भरे हैं। जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जिला सिरमौर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य पदार्थों क गुणवत्ता बनाए रखने को लेकर अभियान तेज कर दिया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की जिला सिरमौर के सहायक आयुक्त अतुल कायस्थ ने बताया कि आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए विभाग पूरी तरह से अलर्ट है।

उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय नाहन समेत अलग-अलग क्षेत्रों व खास तौर पर कालाअंब क्षेत्र में विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण किया हैं। यहां व्यापारिक प्रतिष्ठानों से 46 खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे गए हैं। जिसमें बिस्किट, कोल्ड ड्रिंक, न्यूडल समेत आटे व खोये से बनने वाली मिठाइयों के सैम्पल भरे गए हैं। उन्होंने बताया कि जिला सिरमौर हरियाणा उत्तराखंड समेत पंजाब से सटा है। ऐसे में विभाग का ज्यादा फोकस बॉर्डर एरिया पर है त्यौहार सीजन में मिलावटखोर बाहरी राज्यों से भी मिठाईया लेकर जिला में प्रवेश करते हैं। जिन पर खास नजर बनाई है।
