राकेश, ऊना: अंतर्राष्ट्रीय कबड्डी स्टार एवं ऊना के डीएसपी अजय ठाकुर ने वीडियो एलबम मैदान गीत में अपना किरदार निभाया हैं। इस मैदान वीडियो एलबम को गीतकार अजय ठाकुर के दोस्त शुभम ने बनाया हैं। यह गीत अजय ठाकुर को लेकर गाया गया हैं जिसमें युवा पीढ़ी को खेलों की तरफ लाने के लिए संदेश दिया गया हैं। मैदान वीडियो एलबम के इस गीत को लोगों की ओर से खुब देखा जा रहा हैं। अजय ठाकुर ने भी लोगों से इस वीडियो एल्बम को देखे जाने की बात कही हैं।
अजय ठाकुर ने मीडिया से रूबरू होते हुए बताया कि खेलों में उनकी काफी रुचि रही हैं। उन्होंने जब यह गाना सुना जिसके बाद उन्हें लगा कि इस गीत में युवा पीढ़ी के लिए एक संदेश दिया गया हैं,जिसके बाद उन्होंने इस वीडियो एल्बम में अपना किरदार निभाने का मन बनाया। अजय ठाकुर ने बताया एक गांव से निकलकर वह खेलो में आए हैं और आगे बढ़ कर उन्होंने कबड्डी में अपना नाम कमाया हैं, जिसके बाद वह यहां तक पहुंचे हैं। उन्होंने युवा पीढ़ी से कहा कि वह यह न सोचे कि वह खेलों में गरीब होने के कारण आगे नहीं बढ़ सकते बल्कि अपना एक दृढ़ निश्चय कर खेलों में लगे और सफलता उनके कदम जरूर चूमेगी। उन्होंने युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहने का संदेश दिया है और इस वीडियो एल्बम को देखने के बाद अपनी प्रतिक्रिया देने को कहा हैं।
आपको बता दें कि अजय ठाकुर ने कबड्डी के खेल में हिमाचल प्रदेश का नाम चमकाया है। अजय ठाकुर ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत को 10 गोल्ड मैडल दिलवाए हैं। हिमाचल सरकार की ओर से अभी तक अच्छे खिलाड़ी को हिमाचल गौरव, परशुराम और कोहिनूर अवार्ड दिया जाता हैं। अजय ठाकुर ने परशुराम अवार्ड और हिमाचल गौरव अवार्ड व इसके अलावा केंद्र सरकार की ओर से पद्मश्री और अर्जुन अवार्ड भी जीत चुके हैं।
सोलन जिले की नालागढ़ तहसील के एक छोटे से गांव दभोटा के रहने वाले अजय ठाकुर ने हिमाचल और देश का नाम पूरे विश्व में चमकाया हैं। हिमाचल सरकार ने अजय ठाकुर को डीएसपी पद से नवाजा हैं और वर्तमान में वह ऊना में तैनात हैं। अपने इस गीत के माध्यम से उन्होंने युवा पीढ़ी को संदेश दिया है कि वह अपने जीवन को नशे से दूर रखें और खेलों से अपने आप को जोड़ें। उन्होंने कहा की सहायक कोच के लिए उनका सिलेक्शन हुआ हैं, जिससे वह काफी खुश है और लोगों की शुभकामनाएं उन्हें मिल रही हैं।
अजय ठाकुर इस समय ऊना हेड क्वार्टर पर डीएसपी के पद पर तैनात है और उनके ओर से युवा पीढ़ी को खेलों की तरफ जोड़ने के लिए अनेक कदम उठाए जा रहे हैं। स्पोर्ट्स एक्टिविटी पुलिस की ओर से समय-समय पर करवाई जा रही है ताकि युवा पीढ़ी को खेलों में जोड़ा जाए।
