बिलासपुर : सुभाष ठाकुर – इंटक यूनियन ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है । मजदूरों को उनका हक दिलाने के लिए इंटक अपनी ही सरकार के खिलाफ सडको पर उतर गई है और सरकार को बुरी तरह से घेर दिया है।
शुक्रवार को श्रम कल्याण बोर्ड की 8 फरवरी 2023 की अधिसूचना को रद्द करने की मांग को लेकर इंटक और बिल्डिंग एंड कंस्ट्रक्शन मजदूर यूनियन ने राष्ट्रीय इंटक के संगठन सचिव एवं प्रदेश कामगार बोर्ड के अध्यक्ष जगत राम शर्मा की अगुवाई में स्वारघाट में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया । वहीं एसडीएम स्वारघाट के माध्यम से मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू को ज्ञापन भेजा । इस विरोध प्रदर्शन में इंटक , बिल्डिंग एंड कंस्ट्रक्शन मजदूर यूनियन, मनरेगा व अन्य सैंकड़ो कामगारों, मजदूरों ने भाग लिया । इससे पूर्व राष्ट्रीय इंटक के संगठन सचिव एवं प्रदेश कामगार बोर्ड के अध्यक्ष जगत राम शर्मा का मजदूर यूनियनो द्वारा पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में हार पहनाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया । इसके बाद मजदूरों-कामगारों द्वारा रोष रैली निकाली गई जोकि पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस से शुरू हुई और स्वारघाट बाजार , बस अड्डे से होती हुई एसडीएम कार्यालय तक गई | रोष रैली में मजदूर एकता जिंदाबाद, हमारी मांगे पूरी करो, जो मजदूरों से टकराएगा चूर-चूर हो जाएगा आदि नारे लगाकर सरकार के खिलाफ रोष प्रकट किया ।
पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह की तरह काम करने की दी सलाह
अपने सम्बोधन में राष्ट्रीय इंटक के संगठन सचिव एवं प्रदेश कामगार बोर्ड के अध्यक्ष जगत राम शर्मा ने कहा कि अधिसूचना को रद्द करना सरकार दो मिनट का काम है | उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सुक्खू को पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह की तरह काम करने की सलाह दी है | इसके साथ ही उन्होंने कहा कि ये मजदूरों के हको की लड़ाई है, अगर यहाँ बात नहीं बनती तो आखिरी लड़ाई दिल्ली तक भी जाएगी और सोनिया-राहुल के दरबार तक ये लड़ाई जाएगी |
