संजु चौधरी, शिमला: हिमाचल प्रदेश में हुई भारी बारिश से जल शक्ति विभाग को 1411 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ हैं। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि यह नुकसान काफी बड़ा है, जिससे उबरने में समय लगेगा। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि विभागीय अमला फील्ड में हैं, जनता को पीने के पानी की कमी नहीं होने दी जाएगी। यह रिकॉर्ड है कि अभी तक 4623 योजनाएं रिस्टोर कर दी गई हैं, जिनसे लोगों को पानी मिल रहा हैं। यह पाइप लाइन्स कर्मचारियों के जनूनी एवं फौलादी हौसलों की बदौलत ही बहाल कर पाए हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इस समय विभाग के कर्मचारियों व अधिकारियों की ओर से की जा रही कठिन परिस्थितियों में पेयजल व सीवरेज की योजनाओं की बहाली के कार्यों की मैं सराहना करता हूं। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जल प्रलय में योजनाओं को बहाल करना हमारी प्राथमिकता हैं। उन्होंने कहा कि जो कर्मचारी दिन रात काम कर रहे हैं उन्हें सम्मान दिया जाएगा। पेयजल की अधिकतर योजनाओं को नुकसान हुआ है, ऐसे में पेयजल योजनाओं को जल्द रिस्टोर करना अपने आप में चुनौती हैं।
उन्होंने बताया कि विभाग की 5203 योजनाएं पेयजल की प्रभावित हुई हैं । 1237 सिंचाई की योजनाएं प्रभावित हुई हैं। वहीं 55 सीवरेज की योजनाएं प्रभावित हुई है, 101 बाढ़ नियंत्रण के कार्यों को नुकसान हुआ हैं। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जनता को राहत देना और जल्द योजनाओं को ठीक कर चालू करना हमारी प्राथमिकता हैं। इस भयंकर विनाश में हर संभव काम फील्ड में किया जा रहा हैं।
