मंडी,धर्मवीर(TSN)-नगर परिषद नेरचौक द्वारा निकाले जा रहे टेंडरों में गड़बड़झाले की शिकायत एक व्यक्ति ने विजिलेंस को सौंपी है।जिसके बाद विजिलेंस की टीम ने बुधवार शाम करीब साढ़े 4 बजे नगर परिषद नेरचौक के कार्यालय में दबिश दी। विजिलेंस की टीम ने यहां मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों से पूछताछ भी की और रिकार्ड को भी खंगाला।
शिकायतकर्ता ने विजिलेंस का सौंपी शिकायत में आरोप लगाए हैं कि नगर परिषद नेरचौक के कार्यालय में टेंडर प्रक्रिया को अनेकों अनियमितताएं बरती जा रही हैं। इन्हीं आरोपों की सच्चाई जांचने के लिए विजिलेंस की टीम ने यह दबिश दी है। टीम ने यहां मौजूदा समय के टेंडर का रिकॉर्ड मांगा और उसे जांचा। विजिलेंस की टीम जांच पड़ताल के बाद जरूरत के अनुसार रिकॉर्ड को अपने कब्जे में लेगी। जांच में पता लगाया जाएगा कि टेंडर से जुड़ी सभी औपचारिकताओं को पूरा किया गया है या नहीं।सभी टेंडर नियमों के अनुसार आबंटित हुए हैं या नहीं।इस संबंध में तथ्य उजागर होने के बाद जांच आगे बढ़ेगी।डीएसपी विजिलेंस मंडी प्रियंक गुप्ता ने मामले की पुष्टि की है।उन्होंने बताया कि शिकायत में लगाए गए आरोपों को जाांचने के लिए नगर परिषद नेरचौक कार्यालय में जांच पड़ताल की गई है। मामले में नियमानुसार जांच की जा रही है।
कुछ दिन पहले जल शक्ति विभाग के कार्यालय में दी थी दबिशः
बता दें कि कुछ दिन पूर्व ही विजिलेंस की टीम ने बग्गी स्थित जल शक्ति विभाग के मंडल कार्यालय में भी दबिश दी थी। यहां पर भी टेंडर प्रक्रिया में अनियमितताएं बरतने के आरोप लगाए गए थे।विजिलेंस ने यहां मौके के दस्तावेज भी कब्जे में लिए थे और उनकी जांच की जा रही है।इस सारी कार्रवाई के चलते प्रदेश सरकार से यहां तैनात अधिशाषी अभियंता को तुरंत प्रभाव से बदलकर शिमला स्थित मुख्यालय में तैनात कर दिया है।
