सोलन (योगेश शर्मा): आज आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुरजीत सिंह ठाकुर ने जमकर प्रदेश सरकार पर जुबानी हमले किए। सोलन में आयोजित प्रेस वार्ता में सुरजीत सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार इन दिनों हिमाचल प्रदेश की जनता को कर्ज के बोझ में डुबोकर रैली आयोजित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश के विकास के लिए भाजपा सरकार ने कोई विकास किया है तो उसे जनता के सामने रखें कि किस क्षेत्र में उनके द्वारा विकास किया जा रहा है।
सुरजीत सिंह ठाकुर ने कहा कि आजतक प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस में होड़ लगी रही है कि कौन कितना ज्यादा कर्ज ले सकता है। सुरजीत सिंह ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की हर विधानसभा क्षेत्र में प्रदेश की जयराम सरकार द्वारा आजादी के अमृत महोत्सव के रूप में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं , लेकिन यह सरकारी कार्यक्रम कम और राजनीतिक रैलियां ज्यादा लग रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जयराम सरकार द्वारा सरकारी पैसे का दुरुपयोग किया जा रहा है।
सुरजीत सिंह ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता का पैसा सड़कों पर बहाकर बड़े-बड़े टेंट लगाकर जयराम सरकार रैलियां कर रही है। हिमाचल प्रदेश की जनता को जयराम सरकार ने 21,536 करोड़ रुपए का जो कर्जा दिया है। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस से ज्यादा भाजपा 2390 करोड़ का कर्ज ले चुकी है, लेकिन इस कर्जे से कैसे प्रदेश को उबारना है इसका ब्लूप्रिंट सरकार के पास नहीं है।
कर्ज लेने में भाजपा सरकार रही अव्वल
सुरजीत सिंह ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के इतिहास में कांग्रेस और भाजपा का शासन रहा है लेकिन प्रदेश का विकास करवाने में दोनों ही पार्टियां नाकाम रही है। लेकिन कर्ज कौन सबसे ज्यादा ले सकता है इसकी होड़ इन दोनों पार्टियों में लगी है और इसमें अव्वल भाजपा की सरकार आई है। सुरजीत सिंह ठाकुर ने कहा कि यदि प्रदेश में आम आदमी पार्टी सत्तासीन होती है तो सबसे पहला काम प्रदेश को कर्ज से उबारने का काम किया जाएगा। वहीं शिक्षा स्वास्थ्य के क्षेत्र में जिस तरह से दिल्ली और पंजाब में कार्य किया जा रहा है उसी तर्ज पर हिमाचल में भी आम आदमी पार्टी विकास करेगी।
