भावना शर्मा,पालमपुर: हिमाचल प्रदेश चौधरी सरवन कुमार कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर में संविधिक अधिकारियों के पदों पर भर्तियां की जा रही हैं। विश्वविद्यालय में शिक्षक और गैस शिक्षकों की नियमित भर्तियों के बाद अब अधिकारियों और वैज्ञानिकों की कमी से जूझ रहे चौधरी सरवन कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर में जल्द ही संविधिक अधिकारियों के 22 पदों को भरा जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इन पदों को भरे जाने के लिए आवेदन मांगे हैं। बीते दो वर्षों में करीबन दो सौ शिक्षक व गैर शिक्षक कर्मियों की भर्ती करने के बाद विश्वविद्यालय में करीबन डेढ़ दशक के बाद संविधिक पदों के लिए आवेदन मांगे गए है।
विश्वविद्यालय में कुलपति, कुलसचिव व वित्त नियंत्रक ही मात्र संविधिक अधिकारी हैं। इसके अलावा जो भी अन्य संविधिक अधिकारियों के पद हैं उन्हें वरिष्ठ वैज्ञानिकों को अतिरिक्त कार्यभार देकर काम चलाया जा रहा हैं। ऐसा नहीं है कि इन पदों को पहले भरने का प्रयास नहीं हुआ मगर इन पदों को नियमित आधार पर भरने को लेकर जटिल औपचारिकताएं और प्रदेश सरकार से अनुमति लेने में ही लंबा समय लग जाता हैं। यही कारण रहा कि कुलपति प्रो. एच.के चौधरी ने तमाम जटिलताओं को पूरा करवाया ओर अब इन पदों को भरा जा रहा हैं।
इन पदों के लिए 24 जून तक करें आवेदन
कृषि विश्वविद्यालय में अनुसंधान निदेशक, प्रसार निदेशक, अधिष्ठाता स्नातकोत्तर शिक्षा, चारों महाविद्यालय में अधिष्ठाता, छह सह निदेशक और नौ प्रधान वैज्ञानिकों के पदों को भरा जा रहा हैं। 3 पदों के लिए आवेदन की तिथि 24 जून तक रखी गई है ऐसे में पात्र लोग आवेदन की प्रक्रिया को तय तिथि तक पूरा करें। आवेदन से संबंध से जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जाकर भी प्राप्त की जा सकती हैं।
