कांगड़ा, राहुल-: पर्यटन सीजन के दौरान बढ़ती पर्यटकों की आवाजाही को देखते हुए कांगड़ा पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष अभियान शुरू करने का फैसला लिया है। पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा ने कहा कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विशेष रूप से तेज रफ्तार, बिना हेलमेट वाहन चलाने, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और सड़क पर हुड़दंग मचाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
एसपी ने बताया कि मैकलोडगंज, धर्मशाला, कांगड़ा, मटौर और अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल और ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती की जाएगी, ताकि पर्यटकों और स्थानीय लोगों को जाम व अव्यवस्था से राहत मिल सके। पुलिस का प्रयास रहेगा कि पर्यटन सीजन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और सड़क दुर्घटनाओं पर भी प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।उन्होंने कहा कि बाहरी राज्यों, खासकर पंजाब से आने वाले वाहन चालकों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। हिमाचल सीमा में प्रवेश करते ही नूरपुर पुलिस के सहयोग से उन्हें यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी।एसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया कि फर्जी, मुड़ी हुई या अस्थायी नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ भी अभियान लगातार जारी है। आईटीएमएस (इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) और मैन्युअल जांच के जरिए ऐसे वाहनों की पहचान कर चालान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांगड़ा पुलिस का मुख्य उद्देश्य पर्यटन सीजन के दौरान सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम यातायात सुनिश्चित करना है।
