राहुल चावला,पालमपुर: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांगड़ा में आईटी सेंटर विकसित करने के निर्देश दिए हैं और कांगड़ा को आईटी हब बनाने के लिये विशेष प्रयास आरंभ कर दिए गए हैं। इसी के मद्देनजर मंगलवार को पालमपुर में आई टी पार्क विकसित करने को लेकर उद्योग, संसदीय कार्य एवं आयुष मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने पालमपुर हलके के तहत भगोटला और घमरोता (राख) का स्पॉट विजिट की। इस दौरान मुख्य संसदीय सचिव शहरी विकास एवं शिक्षा आशीष बुटेल, निदेशक उद्योग राकेश प्रजापति भी उनके साथ मौजूद रहे।
उद्योग मंत्री ने बताया कि भगोटना की स्पॉट विजिट कर इसे आईटी सेंटर के लिए उपयुक्त स्थान बताया। उन्होंने कहा कि लगभग 558 कनाल सरकारी भूमि उपलब्ध होने से आई टी पार्क बनाने में लाभ होगा। उन्होंने अधिकारियों को भी सभी औपचारिकताएं समयबद्ध पूरा करने के आदेश दिए।
उन्होंने कहा कि उद्योग विभाग ने आई टी पार्क के लिये 3-4 स्थानों को चिन्हित किया हैं और मुख्यमंत्री ने उन्हें ओर सरकारी अधिकारियों को इन स्थानों की स्पॉट विजिट करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इसे आगे बढ़ाने के लिए आज अधिकारियों के साथ दो स्थानों को देखा गया हैं। उन्होंने विभाग को आदेश दिये कि समयबद्ध जमीन के अधिग्रहण कर अन्य तारीख तक पूर्ण कर उद्योग विभाग के नाम ट्रांसफर करने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि घमरोता (राख) की जमीन भी सरकारी मापदंडों के अनुरूप अगर उपयुक्त होगी तो इसे भी अधिग्रहण करने पर विचार किया जाएगा।
कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तार पर खर्च होंगे दो हजार करोड़
मंत्री हर्ष वर्धन चौहान ने कहा कि सरकार ने कांगड़ा जिला को विशेष पहचान देने के लिए कांगड़ा को टूरिज्म कैपिटल बनाने की घोषणा की हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कांगड़ा में सरकार बड़े-बड़े प्रोजेक्ट लाने जा रही हैं। उन्होंने कहा कि कांगड़ा को आईटी हब बनाने की दिशा में विशेष प्रयास हो रहा हैं। कांगड़ा में इंटरनेशनल लेवल का गोल्फ कोर्स और ज़ू बनाया जा रहा हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन गतिविधियों को बढ़ाने के लिए कांगड़ा एयरपोर्ट का विस्तार किया जा रहा हैं। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट के विस्तार के लिये भू अधिग्रहण के लिए 2000 करोड रुपए का प्रावधान किया गया हैं।
