चिंतपूर्णी,विकास -:धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र माता चिंतपूर्णी के पावन दरबार में रविवार को कौशल ट्रेवल्स द्वारा एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। चिंतपूर्णी मंदिर के समीप स्थित बस स्टैंड परिसर में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया और प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे में स्थानीय लोगों के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे भक्तों की भी भारी उपस्थिति देखने को मिली।
इस आयोजन का नेतृत्व कौशल ट्रेवल्स, गुम्मर (तहसील ज्वालामुखी, जिला कांगड़ा) के प्रोपराइटर सचिन कौशल एवं उनकी टीम ने किया। संस्था की ओर से आयोजित यह दूसरा विशाल भंडारा था, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान सचिन कौशल ने कहा कि माता चिंतपूर्णी की कृपा और आशीर्वाद से ही उन्हें सेवा कार्यों में योगदान देने का अवसर मिलता है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले स्थानीय निवासियों, व्यापारियों, बाजार वासियों और विशेष रूप से युवाओं का आभार व्यक्त किया।भंडारा सुबह 11 बजे आरंभ हुआ और देर शाम तक निरंतर चलता रहा। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं और भक्तिभाव का माहौल बना रहा। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने माता रानी के जयकारों के साथ प्रसाद ग्रहण किया।सचिन कौशल ने बताया कि कौशल ट्रेवल्स ग्रुप की वर्तमान में सात बसें विभिन्न रूटों पर संचालित हो रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि माता रानी की कृपा से जल्द ही ग्रुप की आठवीं बस भी सेवा में शामिल होगी, जिससे यात्रियों को और बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
