नूरपुर, संजीव महाजन -: नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस जिला नूरपुर की सीआईए टीम ने कंडवाल चेकपोस्ट पर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक स्विफ्ट कार की तलाशी के दौरान दो युवकों को 43.56 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिलने की संभावना जताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अक्षय कुमार (29) निवासी समलोटी, तहसील कांगड़ा और सवरण सिंह (28) निवासी बबेहाली, जिला गुरदासपुर (पंजाब) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में पालमपुर क्षेत्र में रह रहा था।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद हेरोइन के अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट कार (HP94-7541) को भी जब्त कर लिया है।प्रारंभिक जांच में पुलिस को नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं। जांच एजेंसियां अब इस मामले की कड़ियों को जोड़कर सप्लाई चेन में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी हैं। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने पर और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।इस संबंध में थाना नूरपुर में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।
