राकेश,ऊना: दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया के घर सीबीआई की रेड के बाद से आप ओर भाजपा नेताओं के बीच जमकर बयानबाज़ी हो रही है। ऐसे में अब शराब घोटाले को लेकर एक बार फिर से केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने केजरीवाल और आम आदमी पार्टी को घेरा है। अनुराग ठाकुर ने इस पूरे मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल को किंगपिंग बताया है। यहां तक कि उन्होंने यह भी कह दिया की स्वराज किताब लिखने वाला आज दिल्ली में शराब राज दे रहा है। मंगलवार को आजादी के अमृत महोत्सव को समर्पित एक कार्यक्रम ऊना जिला के बंगाणा में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत।
इस दौरान अनुराग ठाकुर के आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में अनुराग ठाकुर ने दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की ओर से इस मामले में जाति को बीच में लाए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए मनीष सिसोदिया को ऐसी बातों के स्थान पर शराब घोटाले से संबंधित बातें रखने की नसीहत दी। केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री ने अमृत महोत्सव संबंधी कार्यक्रम के आयोजन पर कांग्रेस की ओर से प्रश्न खड़ा किए जाने पर भी कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने कांग्रेस पर वंदे मातरम और जय हिंद बोलने तक के विरोध किए जाने का आरोप लगाया। अनुराग ठाकुर ने आजादी के अमृत महोत्सव के वर्ष में स्वतंत्रता स्वतंत्रता में योगदान देने वाले क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता के बाद देश के लिए बलिदान देने वाले , कुछ कर गुजरने वाले लोगों को याद किए जाने की बात कही ओर इसमें पूरे देश के एक साथ होने का दावा किया । अनुराग ठाकुर ने विपक्षी नेताओं पर इसी को लेकर हताशा का आरोप भी लगाया ।
