अनिल कुमार,किन्नौर: हिमाचल प्रदेश अपनी अलग अलग तरह की संस्कृति और वेशभूषा के लिए विश्व भर में जाना जाता है। वहीं अगर बात प्रदेश के किन्नौर जिला की की जाए तो किन्नौर जिला की संस्कृति खानपान और यहां की वेशभूषा बेहद ही आकर्षक और अनोखी है जो सभी लोगों को अपनी और आकर्षित करती है। यहां महिला और पुरुषों की ओर से पहने जाने वाली पारंपरिक पोशाक और आभूषण जहां देखने में बेहद आकर्षक लगते हैं तो वही यहां बहुत भारी-भरकम भी होते हैं, लेकिन अपनी संस्कृति और परंपरा को आज भी यहां के लोग संजोए हुए हैं।
यहां की महिलाओं व पुरुषों की पोशाक जिनकी क़ीमत लाखों मे होती है उन्हें पहनकर शादी व अन्य समारोह में शिरकत की जाती है । वहीं लाखों के गहने पहनकर पारंपरिक नृत्य मे भाग लेना यहां की संस्कृति में शामिल हैं। ऐसा ही एक नज़ारा किन्नौर की संस्कृति और भेषभूषा का सोशल मीडिया पर देखने के लिए मिल रहा है जहां किन्नौर जिला के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल रौला क्लिफ में माईनस 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे के तापमान में भी महिलाएं किन्नौरी नृत्य कर रही है। किन्नौर जिला के निचार गांव की महिलाओं ने एक ऐसा ही दृश्य लोगों के समक्ष रखा हैं। ज़ब ऊन से बने लाखो के वस्त्र व ज़ेवर पहनकर जिनका वजन करीब 25 किलो के आसपास है किन्नौरी महिलाओं ओर कुछ पुरषों ने अपना पारंपरिक नृत्य किया।
इस दौरान पर्यटकों ने भी इस नृत्य का आनंद लिया है। यह वीडियो कल्पा स्थित रौला क्लिफ जिसे इंटरनेट पर कुछ लोगों की ओर से सुसाइड पॉइंट के नाम से भी अंकित किया गया है उस जगह का है। यहां किन्नौर की इन महिलाओं ने माईनस तापमान में किन्नौरी गीतों पर पारंपरिक नृत्य किया है। इस दौरान जहां महिलाओं ने लोगों का मनोरंजन किया तो वहीं स्वयं भी महिलाएं जमकर नृत्य का आनंद लेते हुए दिख रही है। रौला क्लिफ में यह पहली बार है ज़ब किन्नौर की इतनी महिलाओं ने एक साथ किन्नौर के पारंपरिक परिधान पहनकर नृत्य किया है। यह वीडियो सुबह के समय का है ज़ब यह महिलाएं कल्पा के समीप गांव रोघी से एक शादी समारोह के समाप्ति के बाद रौला क्लिफ पहुंची ओर यहां किन्नौर का पारंपरिक नृत्य किन्नौर की संस्कृति को लोगों तक पहुंचाने की मिसाल पेश की।
