संजु चौधरी, शिमला(TSN): हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सोमवार शाम अचानक संजौली पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मशहूर पप्पी दा ढाबा में चाय की चुस्कियों का स्वाद लिया। यह वहीं ढाबा है, जहां कॉलेज के दिनों में बतौर छात्र नेता मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह चाय पीने के लिए आया करते थे। मुख्यमंत्री बनने के बाद अब उन्होंने यहां पहुंचकर अपने पुराने दिनों को याद किया।
खास बात यह है कि कॉलेज के वक्त मुख्यमंत्री ने जब छात्र संघ के चुनाव लड़े, तब वे इसी ढाबे में बैठकर चुनाव जीतने की रणनीति तैयार किया करते थे। मुख्यमंत्री के दोस्त भी इस दौरान उनके साथ नजर आए। मुख्यमंत्री ने इस दौरान हिमाचल कांग्रेस सचिव और पूर्व पार्षद सुशांत कपरेट के रेस्टोरेंट बैंबू हट में भी गए। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ तस्वीर लेने के लिए आम लोगों में खासा उत्साह भी नजर आया
पप्पी ढाबे के मालिक हरदीप सिंह का कहना है कि मुख्यमंत्री जब संजौली कॉलेज में पढ़ते थे तब अपने दोस्तों के साथ यहां अक्सर आते थे ओर काफी समय तक रहते थे। कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने के बाद भी वे यहां आते रहते थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद वे पहली बार यहां आए है और उनमें किसी तरह का बदलाव उन्हें देखने को नहीं मिला। जैसे वे पहले मिलते थे आज भी वैसे ही मिले।
