मंडी/परी शर्मा– पंडोह के साथ लगते माता बगलामुखी मंदिर के आंचल में वन विभाग द्वारा 8 करोड़ की लागत से बनाया गया नेचर पार्क आज लोगों की पसंदीदा सैरगाह बनता हुआ नजर आ रहा है। माता बगलामुखी के मंदिर में दर्शनों के लिए रोजाना सैंकड़ों लोग पहुंचते हैं और मंदिर आने वाले श्रद्धालू अब नेचर पार्क का दीदार करने भी जाने लगे हैं।
माता बगलामुखी के दर्शनों के लिए आने वाले पहुंच रहे नेचर पार्क
नेचर पार्क का निर्माण पंडोह डैम के जलाशल के उस भाग में किया गया है , जहां पर कभी माता बगलामुखी का प्राचीन मंदिर हुआ करता था और यहां पूरा गांव बसता था। यह प्राचीन मंदिर और जलाशय अब पंडोह डैम में जलमग्न हो चुका है। प्राचीनता को दिखाने का इस नेचर पार्क में पूरा प्रयास किया गया है। चंडीगढ़ से यहां घूमने आए पर्यटक गुरिंदर सिंह ने बताया कि नेचर पार्क में जहां उन्हें शांति और सुकून मिला वहीं प्राचीनता की झलक भी देखने को मिली है। वहीं, स्कूल और कॉलेजों के बच्चे अब बड़ी संख्या में यहां पिकनीक मनाने पहुंच रहे हैं। कुल्लू जिला से आए स्कूल के अध्यापकों ने बताया कि उन्हें नेचर पार्क आकर बहुत ही ज्यादा अच्छा लगा और भविष्य में वे अन्य लोगों को भी यहां आने का सुझाव देगे।
यहां पर रात्रि विश्राम की व्यवस्था भी
राज्य सरकार के निर्देशों पर वन मंडल नाचन ने नेचर पार्क का निर्माण कार्य नवंबर 2019 में शुरू किया था और सितंबर 2022 को इसे बनाकर जनता को समर्पित कर दिया था। यहां पर रात्रि विश्राम की व्यवस्था भी है।
रोजाना यहां बड़ी संख्या में आते है लोग
वन खंड अधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि मात्र कुछ समय में ही नेचर पार्क के प्रति लोगों का काफी ज्यादा रूझान देखने को मिल रहा है। रोजाना यहां बड़ी संख्या में लोगों का आना हो रहा है। उन्होंने बताया कि विभाग की तरफ से लोगों के लिए सभी प्रकार के उचित बंदोबस्त किए गए हैं।
