अरविंदर सिंह,हमीरपुर: हमीरपुर शहर के नादौन में आवारा कुत्ते लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनते जा रहे हैं। सड़कों पर यह कुत्ते बेसहारा घूम रहे हैं जिसके चलते हर समय किसी बड़े हादसे का खतरा यहां बना रहता है। इसी तरह का हादसा सोमवार रात को भी नादौन चौक पर हुआ जब अचानक से सड़क पर आए लावारिस कुत्तों के झुंड को बचाने के चलते एक कार यहां अनियंत्रित होकर पुलिस की गुमटी से जा टकराई।
उक्त कार चालक हमीरपुर शहर की तरफ से नादौन चौक की ओर आ रहा था। इसी दौरान रात 11 बजे के करीब यह हादसा पेश आया है। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कार चालक को अधिक चोट नहीं आई ओर मामूली खरोंच लगी, लेकिन उनकी गाड़ी का काफी ज्यादा नुकसान हो गया।
वहीं हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस थाना सदर से पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गाड़ी को यहां से हटाया गया। सदर थाना हमीरपुर के एसएचओ संजीव गौतम ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि लावारिस कुत्तों के अचानक सड़क में आ जाने की वजह से ही यह हादसा हुआ है।
