मंडी :धर्मवीर – मंडी जिला में एक बार फिर से सरकारी कार्यक्रम में प्रोटोकॉल टूटा है। पिछली बार मंत्री के सामने प्रोटोकॉल टूटा था तो इस बार विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष प्रोटोकॉल टूटा है। प्रोटोकॉल टूटने का शिकार एक बार फिर से मंडी सदर के विधायक अनिल शर्मा हुए हैं।
स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित जिला स्तरीय समारोह से पहले विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया शहीद स्मारक गए हुए थे। यहां पर श्रद्धांजलि देने के बाद दूसरे नंबर पर पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने श्रद्धांजलि दे दी। इस बात को लेकर मंडी सदर के विधायक अनिल शर्मा विफर उठे और मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों की क्लास लगा दी। नियमों के तहत विधानसभा अध्यक्ष के बाद विधायक का नंबर आना था, लेकिन कौल सिंह ठाकुर को तवज्जो दी गई जबकि वो चुनाव हारे हुए हैं। इसी बात को लेकर अनिल शर्मा को गुस्सा आ गया और उन्होंने वहां उपस्थित अधिकारियों की क्लास लगा दी। इस वाक्य के बाद मौके पर डीसी मंडी अरिंदम चौधरी अनिल शर्मा को मनाते हुए नजर आए।
बता दें कि इससे पहले पूर्व मंत्री कौल सिंह की बेटी चंपा ठाकुर ने स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल के समक्ष संस्कृति सदन में आयोजित सरकारी कार्यक्रम के दौरान प्रोटोकॉल तोड़ा था। इस बार चंपा ठाकुर के पिता व पूर्व मंत्री रहे कौल सिंह ठाकुर ने प्रोटोकॉल तोड़ने का साहस किया है। संस्कृति सदन में कांग्रेस नेत्री चंपा ठाकुर ने सरस्वती वंदन के दौरान विधायक अनिल शर्मा से पहले दीप प्रज्वलित कर दिया था। जिस पर विधायक ने चंपा ठाकुर को मौके पर ही खरी खरी सुना दी थी।
