मंडी :धर्मवीर ( TSN)- लंबे समय के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय मंडी में आने वाले दिव्यांगों और मरीजों को 80 पौड़ियां चढ़ने से निजात मिलने वाली है। इस भवन में 20 लाख की लागत से लिफ्ट लगाई जा रही है। संबंधित कंपनी ने लिफ्ट का सारा सामान अस्पताल पहुंचा दिया है और दो-तीन दिनों में इसका कार्य शुरू होने वाला है। जिस भवन में सीएमओ का कार्यालय चल रहा है यह भवन वर्ष 1992 में बनकर तैयार हुआ था। भवन की तीसरी और चौथी मंजिल पर सीएमओ का कार्यालय है। जब पहली और दूसरी मंजिल पर जोनल अस्पताल की कुछ ओपीडी और लैब का संचालन होता है। यदि किसी दिव्यांग या मरीज को सीएमओ कार्यालय जाना होता है तो उसे 80 पौड़ियां चढ़कर जाना पड़ता है। अस्पताल के तीन अन्य भवनों में लिफ्ट लगी है लेकिन यहीं पर यह सुविधा मौजूद नहीं थी।
सीएमओ मंडी डा. नरेंद्र भारद्वाज ने बताया कि लिफ्ट लगाने का कार्य शुरू होने जा रहा है और इस कार्य के लिए 20 लाख के बजट का प्रावधान किया गया है। इसके साथ लगती जोनल हास्पिटल की पुरानी बिल्डिंग की मुरम्मत को लेकर भी स्वास्थ्य विभाग गंभीर होने लग गया है। भवन की मुरम्मत का कुछ कार्य किया भी गया लेकिन बहुत सा कार्य होना अभी बाकी है। सीएमओ मंडी डा. नरेंद्र भारद्वाज ने बताया कि भवन की मुरम्मत का एस्टीमेट बनाया गया है और इसके लिए धन की मांग की गई है। जैसे जैसे धन उपलब्ध हो रहा है वैसे वैसे मुरम्मत का कार्य किया जा रहा है।
