संजीव महाजन,नूरपुर: आजादी के 75 साल बीत जाने के बाद भी विकास के दावे करने वाली सरकार और नेताओं के दावे खोखले साबित होते नजर आ रहे हैं। आज भी प्रदेश में कई ऐसे गांव है जो सड़क सुविधा के साथ ही मूलभूत सुविधाओं से भी महरूम है। वहां के बाशिंदे अभी भी अभावों से भरी जिंदगी जीने के लिए मजबूर हैं। ऐसे ही हालात विधानसभा क्षेत्र शाहपुर की लपियाना पंचायत के वार्ड नंबर-एक में पंधू गांव के लोगों की है।
यहां के बाशिंदे आजादी के 75 साल बीत जाने के बाद भी काला पानी की सजा काट रहे हैं। गांववासियों ने बताया कि इस गांव में आजतक एक भी नल नहीं है और न ही गांव को जोड़ने के लिए सड़क है। गांव से करीबन 200 मीटर की दूरी पर एकमात्र सरकारी नल लगा है ओर वहां से पीने का पानी लाने के लिए यह ग्रामीण मजबूर हैं। जब कभी नल में पानी नहीं आता है तो ग्रामीण बाबड़ी का पानी पीकर गुजारा करते हैं।
प्रवीण कुमार, नत्थू राम, विनोद कुमार सहित अन्य गांववासियों ने बताया कि सड़क सुविधा न होने के कारण जब कोई व्यक्ति बीमार हो जाता है तो उसको पलंग पर उठा कर या कंधे पर उठाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया जाता है। उसके बाद एंबुलेंस की सुविधा नसीब हो पाती है। उन्होंने बताया कि कई बार पंचायत प्रधान से भी बात कर चुके हैं। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज करवा चुके हैं लेकिन आज तक पानी व सड़क जैसी सुविधाएं नहीं मिल पाई हैं।
उन्होंने बताया कि भाजपा की मंत्री व विधायिका ने भी इस गांव की अनदेखी की है। उन्होंने मांग की है कि गांव को पक्की सड़क सुविधा से जोड़ा जाए ओर जल जीवन मिशन के तहत नल लगवाए जाएं।
वहीं जलशक्ति विभाग के एसडीओ अजय कुमार से बात हुई तो उन्होंने बताया कि मामला ध्यान में है, उक्त गांव के लिए पाइप लाइन डाल दी जाएगी। वहीं गांव के पंचायत प्रधान कीकर सिंह ने बताया कि रास्ता वन विभाग के तहत आता है जिसकी क्लियरेंस हो गई है। जल्द ही रास्ते का निर्माण कार्य भी शुरू करवा दिया जाएगा।
