सोलन, 20 अप्रैल: कुनिहार क्षेत्र में सोमवार सुबह एक सड़क हादसा सामने आया, जब एक कार अनियंत्रित होकर दोची नाले के पास बने श्मशानघाट के ऊपर जा गिरी। हादसे के दौरान श्मशानघाट में लगा लोहे का गार्डर कार के पिछले हिस्से में धंस गया।गनीमत रही कि कार में सवार दोनों लोगों को केवल हल्की चोटें आईं। उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कार जयनगर से कुनिहार होते हुए शिमला की ओर जा रही थी। सुबह करीब 7 बजे, दोची पुल के पास एक तीखे मोड़ पर सामने से आए दोपहिया वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाया। सड़क किनारे फैली बजरी के कारण कार फिसल गई और करीब 30 मीटर नीचे जा गिरी।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चालक के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। बाद में क्रेन की मदद से कार को नाले से बाहर निकाला गया।चालक प्रशांत कुमार ने बताया कि मोड़ पर अचानक सामने आए वाहन और सड़क पर पड़ी बजरी के कारण वाहन नियंत्रण से बाहर हो गया, जिससे यह हादसा हुआ।
