धर्मशाला,राहल-: ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) मामले को लेकर सरकार और प्रशासन से नाराज टैक्सी ऑपरेटरों ने अब अपना विरोध तेज कर दिया है। सोमवार को जिलेभर के ऑपरेटर कचहरी स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में एकत्र हुए और भगवान हनुमान से सरकार व प्रशासन को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की।
टैक्सी ऑपरेटरों का कहना है कि उनकी समस्याओं का समाधान लगातार टलता जा रहा है। कांगड़ा के डीसी ने उन्हें 22 अप्रैल को वार्ता के लिए बुलाया है, लेकिन यदि इस बैठक में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो वे अपने परिवारों के साथ सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे और राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्का जाम करेंगे।बीड़ टैक्सी ऑपरेटर यूनियन के अध्यक्ष देशराज ने बताया कि पहले भी कई बार वार्ता हो चुकी है, लेकिन एटीएस से जुड़ी समस्या जस की तस बनी हुई है। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुई हड़ताल के दौरान भी ऑपरेटर पूरे दिन सड़कों पर बैठे रहे, जबकि प्रशासन की ओर से देर शाम बातचीत की गई और एक सप्ताह में समाधान का आश्वासन दिया गया था।देशराज ने आरोप लगाया कि बार-बार धर्मशाला बुलाए जाने के बावजूद कोई ठोस नतीजा नहीं निकल रहा है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि 22 अप्रैल की बैठक में राहत से जुड़ा कोई फैसला नहीं हुआ, तो उसी दिन से जिलेभर के ऑपरेटर अपने परिवारों सहित एनएच पर चक्का जाम करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और जिला प्रशासन की है।
