सोलन | हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के सलोगड़ा क्षेत्र में शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया। अम्बाला के एक निजी स्कूल की बस ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित हो गई, लेकिन चालक की तत्परता और सूझबूझ से 50 यात्रियों की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, नंद लाल गीता विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, टिपला (अम्बाला) की यह बस सोलन के हरठ रोड पर स्थित मोहन शक्ति नेशनल हेरिटेज पार्क की ओर जा रही थी। रास्ते में अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए और वाहन अनियंत्रित होकर खाई की ओर बढ़ने लगा। चालक रमेश ने हिम्मत और समझदारी दिखाते हुए बस को सड़क किनारे मिट्टी के ढेर से टकरा दिया, जिससे बस रुक गई और सभी यात्री सुरक्षित बच गए।
बस में 28 छात्राओं सहित कुल 50 लोग सवार थे, जो शैक्षिक भ्रमण पर निकले थे। हादसे के बाद बच्चों और शिक्षकों में दहशत फैल गई, लेकिन किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।स्थानीय प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और बस को सुरक्षित स्थान पर हटाया गया।
