सोलन, भूपेन्द्र -: सोलन शहर में मंदिरों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ताजा मामला नगर निगम सोलन के वार्ड नंबर 17 स्थित न्यू कथेड़ के शिव मंदिर का है, जहां शनिवार रात अज्ञात चोरों ने मंदिर में सेंध लगाकर दानपात्र से करीब 50 हजार रुपये की नकदी और मंदिर परिसर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरे व अन्य सामान चोरी कर लिया।
घटना का पता रविवार सुबह मंदिर प्रबंधन और स्थानीय लोगों को तब चला जब मंदिर के ताले टूटे हुए मिले। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के क्षेत्रों से सुराग जुटाने में लगी हुई है।गौरतलब है कि शुक्रवार को ही एचआरटीसी मंदिर में दिनदहाड़े चोरी की घटना सामने आई थी। इसके अलावा इससे पहले भी शहर के एक अन्य मंदिर को चोरों ने निशाना बनाया था। लगातार हो रही इन वारदातों से श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों में रोष है।वार्ड नंबर 17 की नवनिर्वाचित पार्षद अरुण ठाकुर ने पुलिस प्रशासन से चोरों को जल्द गिरफ्तार करने और मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही चोरियों से लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है, इसलिए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
