Nurpur, Sanjeev-:नूरपुर के कस्बा जसूर में आज एक भावुक और प्रेरणादायक पल देखने को मिला, जब गैरी केयर फाउंडेशन ने अपने दिवंगत युवा साथी स्व. निखिल ठाकुर ‘गैरी’ के जन्मदिन पर सेवा कार्यक्रम आयोजित किया। राजकीय प्राथमिक विद्यालय जसूर में हुए इस कार्यक्रम में छोटे–छोटे बच्चों को सर्दियों से बचाव के लिए गर्म स्वेटर और चॉकलेट वितरित किए गए। बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था।
इसी क्रम में गंगथ स्कूल में आकृति डोगरा और ज्वाली स्कूल में कारिश्मा की देखरेख में बच्चों को चॉकलेट, पेंसिल और पेन भी बांटे गए।कार्यक्रम के दौरान गैरी की बहन अंजलि पठानिया ने स्वयं बच्चों को स्वेटर वितरित किए। भाई को याद करते हुए वह भावुक भी हो गईं।गैरी केयर फाउंडेशन की स्थापना स्व. निखिल ठाकुर गैरी की स्मृति में की गई थी। संस्था पिछले 5.5 वर्षों से लगातार समाजसेवा, बच्चों की सहायता, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंद परिवारों की मदद जैसे कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है।इस सेवा कार्यक्रम में अंकित वर्मा, सभ्य लौहटिया, सुरेश, कपिल, शमी, कीर्ति, अभिमन्यु, सूरज, राहुल पठानिया सहित फाउंडेशन के कई सदस्य उपस्थित रहे।फाउंडेशन डायरेक्टर अंकित वर्मा ने बताया कि “आज हमने निखिल ठाकुर गैरी का जन्मदिन सेवा कार्यों के रूप में मनाया। जसूर प्राथमिक स्कूल में बच्चों को स्वेटर व खाद्य सामग्री वितरित कर हमने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। गैरी केयर फाउंडेशन हमेशा समाजसेवा के लिए समर्पित रहेगा।”मानवता और सेवा का यह अभियान समाज के लिए प्रेरणास्रोत है—यह साबित करता है कि किसी अपने की याद को सकारात्मक कार्यों में बदलकर समाज में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।
