Hamirpur, Arvind-:हमीरपुर में 16 दिसंबर को आयोजित होने वाले नशा मुक्ति मैगा वॉकथॉन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश सरकार के चिट्टा विरोधी अभियान के तहत हो रहे इस महत्त्वपूर्ण आयोजन की रूपरेखा को अंतिम रूप देने के लिए वीरवार को हिमाचल प्रदेश पुलिस के आईजी विमल गुप्ता और उपायुक्त अमरजीत सिंह ने जिले के अधिकारियों के साथ शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा मेमोरियल बॉयज़ सीनियर सेकेंडरी स्कूल मैदान का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मैदान की व्यवस्थाओं, पहुंच मार्गों और सुरक्षा इंतजामों की विस्तार से समीक्षा की।
अधिकारियों ने मैदान के आसपास चल रहे मरम्मत कार्य, स्टेज निर्माण, पेयजल और रिफ्रेशमेंट वितरण की व्यवस्था, मेडिकल टीम की तैनाती, शौचालय व सफाई प्रबंधन, और भीड़ के प्रवेश–निर्गमन से संबंधित तैयारियों पर चर्चा की। साथ ही, पुलिस के प्रसिद्ध ऑर्केस्ट्रा ‘हार्मनी ऑफ पाइन्स’ के कार्यक्रम सहित अन्य व्यवस्थाओं पर भी दिशा-निर्देश जारी किए गए।उपायुक्त अमरजीत सिंह ने बताया कि इस वॉकथॉन में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी, सामाजिक संगठन और आम नागरिक बड़ी संख्या में भाग लेंगे। कार्यक्रम का रूट स्कूल ग्राउंड से शुरू होकर नादौन चौक, गांधी चौक, मुख्य बाजार, भोटा चौक, बस स्टैंड होते हुए पुनः स्कूल मैदान तक रहेगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मुख्यमंत्री स्वयं इस वॉकथॉन का नेतृत्व करेंगे।यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस विभाग ने विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है, ताकि शहर में सहज एवं सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जा सके। वॉकथॉन के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए बस स्टैंड के वैकल्पिक स्थान पर संचालन की योजना भी बनाई जा रही है। प्रशासन का प्रयास है कि आयोजन में आने वाले प्रतिभागियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हो।
