Kullu, Manminder -लगातार भारी वर्षा और भूस्खलन से बंजार विधानसभा क्षेत्र बुरी तरह प्रभावित हुआ है। क्षेत्र की सड़कें बंद पड़ी हैं, पुल टूट चुके हैं और कई परिवार बेघर हो गए हैं। बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी ने प्रदेश सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि आपदा की इस घड़ी में भी राहत कार्यों में लापरवाही बरती जा रही है।
600 से अधिक मकान क्षतिग्रस्त, सड़कें बंद, पुल टूटे
विधायक शौरी ने जानकारी दी कि अब तक क्षेत्र में 600 से अधिक रिहायशी मकान पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि NH-305 बहाल करने में अधिकारियों की लापरवाही के कारण मरीजों और राहत सामग्री की आवाजाही बाधित रही। वहीं कई स्थानों पर सड़कें अभी भी खस्ताहाल हैं।उन्होंने बताया कि नागरिक अस्पताल बंजार में मरीजों को पीने के पानी की भारी किल्लत झेलनी पड़ रही है। इसके अलावा बंजार महाविद्यालय का भवन भी भूस्खलन की चपेट में आकर गिरने की कगार पर है।
विधायक ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक अमला केवल कागजी कार्यवाही में व्यस्त है और जमीनी स्तर पर पीड़ितों को सहायता नहीं मिल पा रही। ग्रामीण क्षेत्रों में न तो समय पर खाद्य सामग्री पहुंचाई जा सकी और न ही मुख्य सड़कों की बहाली हुई। इससे किसानों की फल-सब्जियां खेतों में ही सड़ गईं।शौरी ने मांग की कि सरकार तत्काल प्रभाव से राहत और पुनर्वास कार्यों में तेजी लाए तथा सभी प्रभावित परिवारों को उचित सहायता उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रदेश सरकार ने स्थिति को गंभीरता से नहीं लिया, तो जनता के साथ मिलकर सड़कों पर आंदोलन किया जाएगा।
