मंडी, धर्मवीर -:मंडी जिले में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) की उप योजना के तहत अनुसूचित जाति के 300 किसानों को आधुनिक कृषि उपकरण वितरित किए जा रहे हैं। यह पहल केंद्र सरकार द्वारा किसानों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने और खेती को आसान बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
सुंदरनगर स्थित कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) की टीमें गांव-गांव जाकर पात्र किसानों तक इन उपकरणों को पहुंचा रही हैं। इन उपकरणों में ऐसी आधुनिक तकनीक शामिल है, जो खासतौर पर पहाड़ी क्षेत्रों में खेती के कार्यों को सरल और कम श्रमसाध्य बनाती है।कृषि विज्ञान केंद्र सुंदरनगर की प्रधान वैज्ञानिक डॉ. शकुंतला राही ने बताया कि जिले भर में योजना के तहत 300 किसानों का चयन किया गया है। उन्होंने कहा कि कई किसानों के पास आधुनिक उपकरणों की कमी है, जिसके कारण उन्हें खेती में अधिक मेहनत करनी पड़ती है। इस योजना का उद्देश्य उन्हें राहत देना और उनकी उत्पादकता बढ़ाना है।योजना के लाभार्थी सूरज कुमार ने बताया कि उन्हें जो उपकरण मिले हैं, उनकी बाजार कीमत करीब 8 से 10 हजार रुपये है, लेकिन उन्हें ये निशुल्क प्रदान किए गए हैं। उन्होंने केंद्र सरकार और कृषि विज्ञान केंद्र का आभार जताते हुए कहा कि इन उपकरणों से खेती के कार्यों में काफी सुविधा मिलेगी।
