Dharamshala, Rahul chawla-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने देश को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं। केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री एस.पी. सिंह बघेल ने बुधवार को धर्मशाला में आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि मोदी सरकार का अब तक का 11 वर्षीय कार्यकाल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहा है।उन्होंने कहा कि रक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है — रक्षा बजट में बढ़ोतरी के साथ-साथ भारत अब एक वैश्विक रक्षा विनिर्माण केंद्र के रूप में उभर रहा है। रक्षा निर्यात में 2014 की तुलना में 34 गुना वृद्धि दर्ज की गई है।
नक्सलवाद पर नियंत्रण को सरकार की बड़ी उपलब्धियों में गिनाते हुए बघेल ने बताया कि नक्सली गतिविधियों में 70 प्रतिशत तक कमी आई है।कृषि और दुग्ध उत्पादन में भी भारत ने ऐतिहासिक प्रगति की है। आज भारत विश्व में दूध उत्पादन में पहले स्थान पर और मत्स्य उत्पादन में दूसरे स्थान पर है।देशभर में डिजिटल क्रांति का भी उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि भारत में अब 116 करोड़ से अधिक मोबाइल यूजर्स हैं, जो डिजिटल इंडिया की सफलता को दर्शाते हैं।प्रेसवार्ता के दौरान ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का भी उल्लेख किया गया, जिसके अंतर्गत नियंत्रण रेखा के पार आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया। बघेल ने बताया कि यह ऑपरेशन एक समन्वित सैन्य प्रतिक्रिया का हिस्सा था, जो देश की सुरक्षा क्षमता का प्रतीक है।
