Nurpur, Sanjeev-प्रदेश में शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में सरकार लगातार प्रयासरत है।इसी क्रम में अब फतेहपुर तहसील में एक आधुनिक राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल की स्थापना की जा रही है। इस परियोजना के लिए कुल 15 करोड़ रुपये की लागत निर्धारित की गई है, जिसमें से पहली किस्त के रूप में 5 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं। विद्यालय भवन का निर्माण कार्य भी प्रारंभ हो चुका है।
CBSE पैटर्न पर होगी पढ़ाई
इस स्कूल के लिए 90 कनाल भूमि पहले ही अलॉट की जा चुकी है। यह स्कूल सीबीएसई पाठ्यक्रम पर आधारित होगा और यहां विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ साथ आधुनिक सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।फतेहपुर के विधायक और राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया ने जानकारी दी कि सरकार की योजना हर विधानसभा क्षेत्र में ऐसे मॉडल डे बोर्डिंग स्कूल खोलने की है। उन्होंने बताया कि फतेहपुर में इस परियोजना की शुरुआत हो चुकी है और प्राथमिक स्तर की कक्षाएं आगामी शैक्षणिक सत्र से शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। पठानिया ने यह भी कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के बच्चों को राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा प्रदान कर उनके भविष्य को सशक्त बनाना है।
