अरविंदर सिंह,हमीरपुर(TSN): नगर पंचायत हमीरपुर के मनोनीत चार पार्षदों को एसडीम हमीरपुर मनीष सोनी ने गुरुवार के दिन पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलवाई। कांग्रेस समर्थित चारों पार्षद ढोल नगाड़ों के साथ टाउन हॉल हमीरपुर पहुंचे। यहां पर काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता ओर नगर परिषद के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे। शपथ ग्रहण समारोह की अध्यक्षता एसडीम हमीरपुर मनीष सोनी ने की।
उन्होंने इस दौरान मनोनीत पार्षदों वार्ड नंबर 10 से निशांत शर्मा, वार्ड नंबर एक हीरानगर से डॉ. हर्ष कालिया, वार्ड नंबर 6 नादौन चौक से राकेश वर्मा और वार्ड नंबर एक कृष्णा नगर से सुनील ठाकुर को शपथ दिलाई। 11 वार्ड वाली नगर परिषद हमीरपुर में प्रदेश सरकार की ओर से मनोनीत पार्षदों की तैनाती की गई हैं। इन पार्षदों के लिए गुरुवार के दिन शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू, कांग्रेस नेता पुष्पिंदर वर्मा ,नगरपरिषद अध्यक्ष मनोज मिन्हास, उपाध्यक्ष संदीप भारद्वाज सहित सभी पार्षद व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मनोनित पार्षद डॉ हर्ष कालिया ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सूक्खु ने कहा हैं जो जिम्मेवारी सौंपी गई है उसे पूरी निष्ठा के साथ पूरा करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री सहित सभी आला नेताओं का आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नगरपरिषद हमीरपुर को मॉडल टाउन के रूप में विकसित कर लोगों की सुविधा के लिए व्यवस्था परिवर्तन भी किया जाएगा ।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने सभी मनोनीत पार्षदों को बधाई दी और उम्मीद जताई कि सभी मनोनीत पार्षद हमीरपुर नगर परिषद में लोगों को बेहतर सुविधा मुहैया करवाने में अपना योगदान देंगे । उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सूक्खु के व्यवस्था परिवर्तन के नारे और आम जनता को बेहतर सुविधा घर द्वार पर मुहैया करवाने की दिशा में काम किया जाएगा । वहीं उन्होंने कहा कि अगर नगर परिषद हमीरपुर से नगर निगम बनाने का प्रस्ताव आता है तो सरकार इस पर जरूर कदम उठाएगी ।
