नाहन/देवेन्द्र कुमार: चुनाव की नजदीकियों को देखते हुए राजनीतिक पार्टियों का प्रचार भी तेज होता नजर आ रहा है। शुक्रवार को नाहन विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी अजय सोलंकी ने अपने समर्थकों के साथ क्यारदा फतेहपुर पंचायत का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल करने का भी दावा किया। कांग्रेस प्रत्याशी अजय सोलंकी ने कहा कि आज उन्होंने महान विधानसभा क्षेत्र की क्यारदा फतेहपुर पंचायत का दौरा किया और लोगों से घर घर जाकर संपर्क साधा।
उन्होंने बताया कि इस दौरान लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला जो इस बात का संकेत है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में लोग बीजेपी सरकार को बदलना चाहते हैं। लोगों का उत्साह देखकर उन्होंने दावा किया है कि नाहन विधानसभा क्षेत्र में इस बार कांग्रेस इस बार रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल करेगी। साथ ही प्रदेश में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
बीजेपी पर लगाए आधे अधूरे कार्यों के उद्घाटन करने के आरोप
सोलंकी ने आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी सरकार के नेताओं द्वारा अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए आधे-अधूरे कार्यों के आनन-फानन में उद्घाटन किए गए हैं। बीजेपी सरकार से हर वर्ग परेशान है और सरकार की जनविरोधी नीतियों को देखकर बीजेपी के सक्रिय कार्यकर्ता भी कांग्रेस का समर्थन कर रहे हैं। जनसंपर्क अभियान के दौरान फतेहपुर गांव में लोगों द्वारा कांग्रेस प्रत्याशी अजय सोलंकी का भव्य स्वागत किया गया। वहीं समर्थन के तौर पर उनको लड्डुओं से तौला गया।
