अरविंदर सिंह,हमीरपुर : नेताजी सुभाषचंद्र बोस स्नातकोत्तर महाविद्यालय हमीरपुर में लटकी बिजली की नंगी तारे और टूटा खंबा विद्यार्थियों के लिए जानलेवा खतरा बना हुआ हैं। हालांकि इस मामले में संजीदगी दिखाते हुए महाविद्यालय प्रशासन ने विद्युत बोर्ड के अधिकारियों को अवगत करवा दिया हैं, लेकिन विभागीय देरी के चलते अभी भी महाविद्यालय परिसर में किसी अनहोनी का खतरा बना हुआ हैं।
महाविद्यालय प्रशासन के आग्रह पर बिजली बोर्ड के अधिकारियों ने लगभग पंद्रह दिन पहले परिसर दौरा कर मामले की गंभीरता को समझा फिर भी अभी महाविद्यालय के पास बिजली बोर्ड की तरफ से आगामी कार्यवाही का कोई पत्राचार नहीं हो पाया हैं। महाविद्यालय प्रशासन की मांग है कि परिसर को विद्युत तारों से मुक्त कर फाईबर लाइन डाली जाएं ताकि परिसर में छात्र भय मुक्त होकर आ सकें।
महाविद्यालय प्रशासन इस मामले में सारा खर्च वहन करने को भी तैयार है। गौरतलब है कि महाविद्यालय के मुख्य द्वार व परिसर के बीच में विभिन्न विभागों को विद्युत सप्लाई खंबों के माध्यम से दी गई है जिसके चलते परिसर में नंगी तारों का जाल बिछा हुआ हैं।
इस संदर्भ में महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार ने कहा कि परिसर के बीच में विद्युत सप्लाई की तारों का जाल होने के चलते हमेशा खतरा बना रहता हैं। उन्होंने बताया कि परिसर में बिजली का एक खंबा गिरने की कगार पर है, जिसे बदलने के लिए विद्युत विभाग से पत्राचार किया गया हैं, लेकिन अभी तक उस पर कोई कार्रवाई नहीं हो पाई हैं। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय प्रशासन विद्युत तारों के जाल को हटाने के लिए सारा खर्च वहन करने को तैयार हैं।
विद्युत विभाग के उपमंडल अधिकारी अश्वनी पुरी ने बताया कि काॅलेज प्रशासन के आग्रह पर उन्होंने परिसर का दौरा किया ओर पाया कि परिसर में खंबे और तारों का जाल बिछा हुआ है जो कि बीचों-बीच से जा रहा हैं। इसे बदलने के लिए सुझाव दिया गया हैं। उन्होंने माना कि इन तारों के कारण किसी अनहोनी की आशंका बनी हुई हैं। उन्होंने बताया कि विभाग ने इसके लिए एस्टीेमेट बनाकार महाविद्यालय प्रशासन को भेज दिया है ओर जैसे ही अग्रिम राशी जमा होती है तारों को बदलने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
