मंजूर पठान, चंबा: विधानसभा चुनावों को लेकर जिला चंबा में भी चुनावी प्रचार ने जोर पकड़ लिया है। जिला के विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी मैदान में उतरे प्रत्याशियों ने डोर टू डोर प्रचार शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में डलहौजी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी वरिष्ठ नेत्री आशा कुमारी भी चुनावी प्रचार कर कांग्रेस और अपनी जीत को सुनिश्चित करने को लेकर लोगों के बीच जा रही है।
आशा कुमारी ने भी अपने विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग गांव जाकर नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से लोगों के साथ संवाद करना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को आशा कुमारी ने मांझली, ठाकरी, मट्टी सहित कई पंचायतों में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कांग्रेस पार्टी की ओर से महंगाई, बेरोजगारी और ओल्ड पेंशन स्कीम को अपना मुद्दा बनाते हुए लोगों के बीच बात रखने का प्रयास किया है। आशा कुमारी ने मीडिया के साथ बातचीत करते हुए बताया कि हिमाचल प्रदेश में इस बार दो तिहाई बहुमत के साथ कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने जा रही है और सरकार बनते ही सबसे पहले पहली कैबिनेट में पुरानी पेंशन को बहाल किया जाएगा। इसके साथ ही पहली कैबिनेट में एक लाख युवाओं को नौकरी के पद स्वीकृत किए जाएंगे।
कुमारी ने कहा है कि जिस तरह का माहौल हमारी विधानसभा में कांग्रेस पार्टी को लेकर है ऐसा पहले कभी देखने को नहीं मिला है। लोग भारी संख्या में आ रहे हैं ओर अपनी बात रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में लोगों को महंगाई, बेरोजगारी से निजात मिलने वाली है। उन्होंने कहा कि लोगों ने मन बना लिया है कि अब कांग्रेस पार्टी की सरकार को लाना है ताकि उनकी समस्याओं का समाधान हो सके।
