अरविंदर सिंह, हमीरपुर: प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आते ही ओल्ड पेंशन स्कीम बहाल कर दी जाएगी। यह बात गुरुवार को हमीरपुर में पुरानी पेंशन को लागू करने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे संयुक्त कर्मचारी महासंघ के कमर्चारियों से मिलने पहुंचे प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं बड़सर के विधायक इंद्र दत्त लखनपाल ने कही। इस दौरान उन्होंने धरने पर बैठे कर्मचारियों से मुलाकात की और उन्हें अपना समर्थन दिया। विधायक इंद्र दत्त लखनपाल ने कहा कि पुरानी पेंशन लागू करने की मांग का कांग्रेस पार्टी समर्थन करती है और आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद इसको लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आलाकमान ने भी इस मांग को अपने 10 गारंटी में भी शामिल किया है।
हमीरपुर में दोपहर बाद धरना स्थल पर पहुंचे विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने संयुक्त कर्मचारी महासंघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल में भाग लेते हुए जयराम सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने कर्मचारी वर्ग के साथ हमेशा धोखा किया है और सरकार के फैसलों के कारण हर कर्मचारी व उसका परिवार खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह सरकार कर्मचारी वर्ग की हर जायज़ मांग पर केवल कमेटी बनाने तक ही सीमित रह गई है। उन्होंने कहा कि अपने जीवन का बहुमूल्य समय देने वाले कर्मचारी का भविष्य प्रदेश की जनता की सेवा के बाद भी अंधकारमय है।
उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि सरकार के मुखिया प्रतिदिन पुरानी पेंशन योजना को लागू नहीं करने के पीछे कई कारण गिना रहे है, लेकिन वास्तविकता यह है कि सरकार की मंशा इसे लागू नहीं करवाने की है। उन्होंने कहा कि सरकार जनहित मेंफैंसले लेने के मामले में अपंग साबित हो चुकी है। लखन पाल ने कहा कि आने वाले विधनसभा चुनावों में प्रदेश के कर्मचारी और आमजन जयराम भाजपा सरकार का सूपड़ा साफ़ करेंगे व प्रदेश में लोकप्रिय कांग्रेस सरकार लोकहित में पूरानी पेंशन योजना को लागू कर आमजन को राहत देगी।
