बिलासपुर : सुभाष ठाकुर- राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला को लेकर प्रशासन की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसके लिए सांस्कृतिक संध्याओं, खेलकूद प्रतियोगिता के अलावा अन्य गतिविधियों के लिए रूपेरखा तैयार कर ली गई है।
पहली बार होगा मिस कहलूर प्रतियोगिता का आयोजन
उपायुक्त बिलासपुर आबिद हुसैन सादिक ने बिलासपुर बचत भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि नलवाड़ी मेला की सांस्कृतिक संध्या में सिर्फ हिमाचली कलाकारों को ही प्राथमिकता मिलेगी। वहीं, पहली बार जर्मन हैंगर का प्रयोग भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहली बार ही मिस कहलूर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जा रहा है। इसके अलावा कुश्ती प्रतियोगिता के तहत बिलासपुर केसरी कुश्ती प्रतियोगिता का भी आयोजन होगा। उन्होंने कहा कि नलवाड़ी मेला के शुभारंभ मौके पर उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान बतौर मुख्य अतिथि होंगे। बजट सत्र के चलते इस बार शोभा यात्रा शाम चार बजे निकाली जाएगी। वहीं, मेला के समापन मौके पर मुख्यमंत्री सुखबिंद्र सिंह सुक्खू मुख्य अतिथि होंगे। उपायुक्त ने बताया कि मेला के सफल आयोजन को लेकर अधिकारियों, कर्मचारियों से समय-समय पर फीडबैक ली जा रही है।
