Shimla, 15 June-हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने पांवटा साहिब में हुई हालिया घटना को लेकर पुलिस और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। एक प्रेस बयान में ठाकुर ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की बजाय स्थानीय प्रशासन और पुलिस आरोपी पक्ष के साथ खड़ी दिखाई दे रही है।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि पुलिस की कार्रवाई प्रारंभ से ही पक्षपातपूर्ण रही है। “घटना के पहले दिन से पुलिस पीड़ित परिवार के बजाय आरोपियों का समर्थन करती प्रतीत हो रही है। आरोपी पक्ष के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जबकि पीड़ित परिवार को निरंतर प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है.ठाकुर ने यह भी दावा किया कि आरोपित समुदाय द्वारा लापता लड़की का जबरन धर्म परिवर्तन करवाया गया है, जो कि प्रदेश में लागू धर्म परिवर्तन कानून का उल्लंघन है। उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में धर्म की स्वतंत्रता (संशोधन) विधेयक 2022 पारित किया गया था, जिसमें जबरन धर्म परिवर्तन पर कड़ी सजा का प्रावधान है।जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि इतने सख्त कानून के बावजूद पुलिस की निष्क्रियता यह दर्शाती है कि वह राजनीतिक दबाव में काम कर रही है.
नेता प्रतिपक्ष ने मांग की कि पुलिस-प्रशासन इस पूरे मामले में निष्पक्षता बरते और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की दिशा में ईमानदारी से कदम उठाए। उन्होंने सरकार से भी आग्रह किया कि वह इस संवेदनशील मामले में राजनीति से ऊपर उठकर कार्रवाई सुनिश्चित करे ताकि प्रदेश में शांति और साम्प्रदायिक सौहार्द बना रहे।
