Una, Rakesh-हरोली विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में एक नई परंपरा की शुरुआत हुई, जब पालकवाह ऑडिटोरियम में “प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री एक्सीलेंस अवार्ड 2025” का भव्य शुभारंभ किया गया। यह पुरस्कार समारोह दिवंगत शिक्षाविद प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री की स्मृति में आरंभ किया गया है, जिनका जीवन शिक्षा और छात्र-कल्याण को समर्पित रहा।
मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने 10वीं और 12वीं की हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 152 मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, प्रतीक चिन्ह और नकद राशि देकर सम्मानित किया। इनमें से 5 छात्र राज्य स्तरीय मेरिट सूची के टॉपर भी रहे।
12वीं में शानदार प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं में शामिल रहे:
- गगनदीप सिंह (रा.व.मा.पा. पूबोवाल) – 98.60%
- नवनीत कौर (सनराइज पब्लिक स्कूल, सलोह) – 98.40%
- साक्षी (रा.व.मा.पा. राजपूतां) – 98.00%
वहीं 10वीं की परीक्षा में:
- टीना देवी (रा.व.मा.पा. पूबोवाल) – 98.43%
- भूमिका राणा (एस.डी. पब्लिक स्कूल, पालकवाह) – 98.14%
इन सभी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया
कुल मिलाकर, 10वीं के 111 और 12वीं के 41 छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।इस मौके पर डिप्टी सीएम ने कहा, “यह दिन हरोली के बच्चों के नाम है। मेहनत, समर्पण और अनुशासन ही उनकी सफलता की असली कुंजी है।”उन्होंने यह भी जानकारी दी कि प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री की बीमा पॉलिसियों व अन्य स्रोतों से प्राप्त राशि से स्थापित “प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री फाउंडेशन” के पास 5 करोड़ रुपये की निधि है, जिसे हरोली क्षेत्र के विद्यार्थियों की शिक्षा, छात्रवृत्ति और करियर मार्गदर्शन पर खर्च किया जाएगा.
