राकेश, ऊना: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऊना दौरे से एक दिन पहले रैली वाले स्थान का जायजा लिया और अधिकारियों को उचित प्रबंध के दिशा निर्देश दिए । इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए प्रधानमंत्री के बार-बार हिमाचल आने पर विपक्ष की ओर से बीजेपी की कमजोर स्थिति को कारण बताने पर पलटवार किया । मुख्यमंत्री ने भारतीय जनता पार्टी के कार्यकाल में प्रधानमंत्री के 9 बार हिमाचल आने का जिक्र करते हुए कुल्लू दशहरे में किसी भी प्रधानमंत्री की ओर से आने का यह पहला अवसर बताया।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के कार्यकाल में किसी भी प्रधानमंत्री की ओर से एकाध बार ही हिमाचल आने की बात कही। उन्होंने कांग्रेस और कांग्रेस नेताओं के प्रधानमंत्री के हिमाचल दौरों से निराशा और बौखलाहट पनपने का भी दावा किया। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पार्टी में बिखराव और पार्टी छोड़ने वाले नेताओं की तरफ इशारा करते हुए अब कांग्रेस के बिखर जाने का भी दावा किया। जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए विपक्ष की ओर से सिर्फ आधारहीन बातें बोलने का भी आरोप लगाया।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री के ऊना दौरे के दौरान वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाने,ड्रग पार्क का शिलान्यास करने, ट्रिपल आईटी के नए परिसर का उद्घाटन करने की जानकारी दी। उन्होंने पीएम के चंबा दौरे से पहले ऊना आगमन पर प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत किए जाने की भी बात कही और लोगों में प्रधानमंत्री मोदी के प्रति बहुत उत्साह होने का भी दावा किया ।
