संजु चौधरी, शिमला: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की ओर से कैबिनेट में शामिल किए गए 7 मंत्रियों को बुधवार रात उनके विभाग आवंटित कर दिए गए हैं। वहीं विभाग मिलने के बाद गुरुवार को कसुम्पटी विधायक पंचायतीराज राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने सचिवालय पहुंच कर अपना कार्यभार संभाला। मंत्री अनिरुद्ध सिंह को पंचायतीराज ओर ग्रामीण विकास विभाग की जिम्मेवारी सौंपी गई हैं। सचिवालय के बाहर ही समर्थकों ने उनका फूल मालाएं पहना कर स्वागत किया, जिसके बाद कमरा नंबर 321 में पूजा अर्चना करने के बाद उन्होंने अपना कार्यभार संभाला।
इस दौरान उन्होंने महत्वपूर्ण विभाग की जिम्मेवारी उन्हें सौंपने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सूक्खु का आभार जताया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार कसुम्पटी को मंत्री मिला है ओर ये सौभाग्य कसुम्पटी की जनता ने उन्हें दिया हैं। उन्होंने कहा कि कसुम्पटी क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा की पंचायतीराज ओर ग्रामीण विकास विभाग की जिम्मेवारी उन्हें दी गई है और प्रदेश के बहुत बड़ा हिस्सा ग्रामीण क्षेत्र में आता हैं और काफी ज्यादा फंडिंग भी केंद्र से विकास कार्यों के लिए मिलती हैं। इस विभाग में काम करने के लिए बहुत उत्साहित है ओर वे निष्ठा से विभाग में काम करेंगे।
अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि विभागों में किस तरह से काम होगा इसके लिए रोडमैप तैयार कर लिया गया हैं और जल्द ही अधिकारियों के साथ बैठक कर काम शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी कार्यों के लिए समय सीमा तय की जाएगी और किसी भी तरह का ढुलमुल रवैया सहन नहीं किया जाएगा। सभी विभागों में टारगेट तय होंगे।
इस दौरान अनिरूद्ध सिंह ने भाजपा पर भी निशाना साधा ओर कहा कि पूर्व की भाजपा सरकार ने प्रदेश को कर्ज में डुबो दिया हैं। प्रदेश पर 75 हजार करोड़ का कर्ज हो गया हैं, लेकिन प्रदेश में विकास कार्यों को रुकने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि 13 जनवरी को सचिवालय में कैबिनेट की बैठक बुलाई गई हैं,जिसमें ओपीएस बहाली की जाएगी इसके साथ ही कांग्रेस ने जो दस गारंटियों दी हैं उन्हें भी पूरा किया जाएगा।
