संजु चौधरी, शिमला: प्रदेश में विधानसभा चुनावों के लिए मात्र 6 दिन शेष रह गए हैं। ऐसे में चुनावी प्रत्याशियों के पास भी कम समय अपने चुनावी प्रचार प्रसार के लिए रह गया है। जो प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतरे हैं वह अपने चुनावी प्रचार में पूरी ताकत झोंक रहे हैं। दिन रात एक कर चुनाव प्रचार में प्रत्याशी इन दिनों जुट चुके हैं। वहीं शिमला के ठियोग से कांग्रेस के उम्मीदवार और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने भी अपना चुनावी प्रचार तेज कर दिया है। शनिवार को देर रात तक उन्होंने मत्याना के नाग जुब्बल सहित अन्य क्षेत्रों में जनसभाएं की। इन जनसभाओं के दौरान उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा।
इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार को बागवान विरोधी सरकार करार दिया। उन्होंने कहा कि उनका क्षेत्र बागवानी बहुल क्षेत्र है, लेकिन 5 सालों में सरकार ने इस क्षेत्र के साथ भेदभाव किया है। यहां पर सड़कों की सुध नहीं ली गई,सड़कों की हालत खस्ता है। इसके साथ ही कार्टन पर जीएसटी लगा दिया गया और कीटनाशक दवाइयों पर सब्सिडी भी खत्म कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की किसान बागवान विरोधी नीतियों का अब जनता 12 नवंबर को जवाब देगी और इस क्षेत्र से इस बार कांग्रेस जीत का परचम लहराएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भी पूरा मन बना चुकी है और इस सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा 5 सालों में कोई काम नहीं कर पाई और अब प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्री और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों को यहां लाना पड़ रहा है लेकिन उससे कुछ नहीं होने वाला हैं। प्रदेश की जनता काफी समझदार है और किसी के बहकावे में नहीं आने वाली है।
