Sirmour, 10 June-शिक्षा खण्ड ददाहू के अंतर्गत रा. प्रा. पाठशाला चाड़ना, केन्द्र भाटगढ़ में बच्चों की शिक्षा के क्षेत्र में एक अभिनव पहल की गई है। स्कूल प्रबंधन और स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के संयुक्त प्रयासों से विद्यालय में प्री-प्राइमरी कक्षाओं की शुरुआत की गई है, जिसकी औपचारिक शुरुआत मंगलवार को हुई।
पहले ही दिन नर्सरी कक्षा में दाखिला लेने के लिए 10 बच्चों ने आवेदन किया, जिससे क्षेत्र में इस पहल के प्रति उत्साह और विश्वास स्पष्ट झलकता है।इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सीएचटी भाटगढ़ रमेश चौहान मुख्य अतिथि के रूप में तथा सेवानिवृत्त सीएचटी रणसिंह भटनागर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने इस नवाचार के लिए विद्यालय शिक्षकों और एसएमसी को बधाई देते हुए कहा कि यह पहल नन्हे बच्चों के शैक्षिक जीवन की मजबूत नींव रखने में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रयास से क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के नए अवसर प्राप्त होंगे।
कार्यक्रम में विद्यालय शिक्षक, एसएमसी सदस्य, समस्त अभिभावक और बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पाठशाला को गोद लेने वाले सेवानिवृत्त प्रयोगशाला सहायक प्रताप पंवर की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही।विद्यालय प्रभारी रोशल लाल ने कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों, अभिभावकों और सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।जीएमएस चाड़ना की यह पहल न केवल एक प्रेरणादायक कदम है, बल्कि यह अन्य स्कूलों के लिए भी एक अनुकरणीय उदाहरण बन सकती है, जिससे समूचे क्षेत्र में शैक्षिक नवाचार को प्रोत्साहन मिलेगा।
