सोलन/योगेश शर्मा: विधानसभा चुनाव के लिए लगातार भाजपा व कांग्रेस के स्टार प्रचारक हिमाचल में चुनावी रैलियों को सम्बोधित कर रहे है। इसी कड़ी में 5 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्टार प्रचारक के तौर पर शिमला संसदीय क्षेत्र की चुनावी रैली को सोलन शहर के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में संबोधित करने जा रहे हैं। जिसमें सतरह विधानसभा के सतरह भाजपा प्रत्याशी भी मौजूद रहेंगे और प्रदेश के कई बड़े नेता भी इस रैली में आने वाले हैं। इस रैली को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने तैयारियां शुरू कर दी है।
करीब 1 लाख कार्यकर्ताओं को जुटाने की उम्मीद
मंगलवार को सोलन में प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा के शिमला संसदीय क्षेत्र के प्रभारी पुरुषोत्तम गुलेरिया ने कहा कि पीएम मोदी की चुनावी रैली हिमाचल प्रदेश के सोलन में दूसरी रहने वाली है। इससे पहले वे मंडी में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि इस रैली में सतरह विधानसभा क्षेत्रों से 1 लाख कार्यकर्ताओं के आने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज विश्व स्तर के नेता बन चुके हैं। ऐसे में उनको सुनने के लिए हिमाचल पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से हिमाचल चुनाव में रैलियां हो रही है उसको संबोधित करने के लिए अगर हिमाचल में पीएम मोदी आते है तो इससे भाजपा को लाभ मिलने वाला है।
