धर्मशाला (राहुल चावला): भाजपा मंडल धर्मशाला में बूथ नंबर 50 घणा में मन की बात कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा संगठन मंत्री पवन राणा, विधायक धर्मशाला विशाल नेहरिया सहित भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के 92वें संस्करण को सुना। वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कांगड़ा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मन की कार्यक्रम सुना।
इस अवसर पर विधायक विशाल नेहरिया ने कहा कि यह कार्यक्रम बहुत जानकारीपूर्ण है और लोग इस कार्यक्रम को सुनना पसंद करते हैं। जिस तरह से हमारे प्रधानमंत्री ने पूरे देश को एकीकृत किया है वह अविश्वसनीय है। उन्होंने कहा कि मन की बात में आज भी हिमाचल का जिक्र आया। नेहरिया ने कहा कि पीएम मोदी ने 75वें स्वतंत्रता दिवस की तैयारी में 13-15 अगस्त के बीच आयोजित हर घर तिरंगा अभियान को याद किया। उन्होंने अभियान को एक बड़ी सफलता प्रदान करने के लिए नागरिकों को दिल से धन्यवाद किया।
विधायक ने कहा कि आज मन की बात कार्यक्रम में जिला कांगड़ा के विकासखंड प्रागपुर की गंगोट पंचायत का जिक्र भी प्रधानमंत्री की ओर किया गया है जोकि गर्व की बात है। अमृत महोत्सव का जश्न भारत में ही नहीं दुनिया के अन्य देशों में भी देखने को मिला यह बात प्रधान मंत्री ने कार्यक्रम में की। नेहरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अनुरोध किया है कि कुपोषण के खिलाफ वार्षिक ‘पोषण माह’ में नागरिकों को सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए। यह हर साल सितंबर में मनाया जाता है।
