नाहन (देवेन्द्र कुमार): नाहन मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही साक्षी डेरयान का चयन राष्ट्रीय बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता भारतीय बॉडी बिल्डिंग फैडरेशन की ओर से लुधियाना में दिसंबर माह में आयोजित की जा रही है। नाहन के टविस्ट जिम में इंटरनेशनल सर्टिफाइड ट्रेनर मनीष सेठी से प्रशिक्षण ले रही साक्षी डेरयान ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में चार सितंबर को आयोजित हुई राज्य स्तरीय बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में भाग लिया था।
इसमें प्रदेश भर से आई सभी महिला प्रतिभागियों को पछाड़ते हुए साक्षी डेरयान ने मिस हिमाचल का खिताब अपने नाम किया। राज्य स्तरीय बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता जितने के बाद अब उनका चयन लुधियाना में 22 से 24 दिसंबर तक आयोजित होने जा रही राष्ट्रीय बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता के लिए हुआ है। नाहन मेडिकल कॉलेज की तृतीय वर्ष की एमबीबीएस छात्रा साक्षी डेरयान ने अपनी सफलता का श्रेय अपने ट्रेनर मनीष सेठी को दिया है। साक्षी डेरयान ने कहा कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता जितने के लिए वह और कड़ी मेहनत करेंगी।
