अरविंदर सिंह,हमीरपुर: प्रदेश के नशे के खात्मे के लिए पुलिस की ओर से कई अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में प्रदेश के 5 जिलों में पुलिस नशे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की तैयारी में हैं। इससे निपटने के लिए कारगर कदम भी पुलिस की ओर से उठाए जाएंगे जिसे लेकर निर्देश शनिवार को मंडी सैंट्रल जोन की अपराध एवं पुलिस कल्याण कमेटी की बैठक में डीआईजी की ओर से अधिकारियों को दिए गए हैं।
हमीरपुर की पुलिस लाईन में संपन्न हुई इस बैठक की अध्यक्षता मंडी सैंट्रल जाॅन के डीआईजी मधु सूदन शर्मा ने की। बैठक में एसपी कुल्लु साक्षी वर्मा, एसपी मंडी सौम्या, एसपी बिलासपुर जीसी कार्तिेकेयन, एसपी लाहौल स्पिति मंयक चैधरी, एसपी हमीरपुर आकृति शर्मा भी उपस्थित रही। बैठक में जहां 5 जिलों की पुलिस को नशे के खिलाफ कड़ी नकेल कसने के निर्देश दिए गए। मंडी जोन की बैठक में डीआईजी ने क्राइम से निपटने को लेकर आला पुलिस अधिकारियों के साथ की चर्चा की ओर हाईवे पर रफ्तार पर नजर रखने के भी निर्देश भी दिए हैं।
डीआईजी मधुसूदन शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में आला पुलिस अधिकारियों को क्राइम से जुड़े मामलों से निपटने और पुराने पेंडिंग केसों को जल्द हल करने को लेकर दिशा निर्देश दिए गए । बैठक में पुलिस कर्मचारियों की अलग.अलग जिलों में क्या-क्या समस्याएं हैं, उन पर भी चर्चा की गई। जेसीसी की बैठक में पुलिस विभाग की ओर से चलाई जा रही कर्मचारियों और आम जनता के कल्याण की योजनाओं पर भी रिपोर्ट लेकर नए दिशा निर्देश दिए गए। बैठक में नशे से निपटने को लेकर आला पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए और कहा गया कि इन मामलों पर सख्ती से नकेल कसी जाए । इसमें आम जनता का भी खास तौर पर सहयोग लिया जाए ताकि बढ़ते नशे को रोका जा सके ।
डीआईजी मधुसूदन ने कहा कि नशे के खिलाफ विभाग तेजी से काम कर रहा है और इसमें सब का सहयोग जरूरी हैं। उन्होंने बताया कि जल्द ही शुरू हो रहे नेशनल हाईवे पर किस तरह से ट्रैफिक और तेज रफ्तार पर नजर रखी जाए इसे लेकर भी इस बैठक में चर्चा की गई हैं। उन्होंने कहा कि विभाग के कर्मचारियों और आम जनता के कल्याण के लिए भी जो योजनाएं विभाग की ओर से चलाई जा रही है उस पर भी सबके साथ बात की गई हैं।
