सोलन, 18 सितंबर। दिनांक 16/17 सितंबर की मध्यरात्रि करीब 2 बजे ब्लिंकिट के डिलीवरी पार्टनर अनूप चौहान ने पुलिस चौकी शहर, सोलन में सूचना दी कि पुनीत नामक व्यक्ति ने उसके साथ मारपीट की है। सूचना मिलते ही पुलिस थाना सदर सोलन की टीम ने तत्परता से जांच शुरू की।पुलिस ने शिकायतकर्ता को जांच में शामिल कर उसका चिकित्सीय परीक्षण करवाया और मेडिकल लीगल सर्टिफिकेट (MLC) प्राप्त किया। ब्लिंकिट एप पर ग्राहक का मोबाइल नंबर उपलब्ध न होने के कारण शिकायतकर्ता आरोपी का मोबाइल नंबर उपलब्ध नहीं करवा सका। इसके बाद पुलिस टीम ने शिकायतकर्ता की निशानदेही पर घटनास्थल तथा आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया।
जांच के आधार पर मारपीट में शामिल व्यक्ति की पहचान पुनीत शर्मा पुत्र बीर सिंह, निवासी लक्कड़ बाजार, सोलन, उम्र 32 वर्ष के रूप में हुई। जांच में सामने आया कि 16 सितंबर को पुनीत शर्मा ने ब्लिंकिट के माध्यम से सामान मंगवाया था। ऑर्डर पहुंचाने में देरी को लेकर दोनों के बीच मोबाइल फोन पर कहासुनी हुई।बाद में पुनीत अपना ऑर्डर लेने ठोडो ग्राउंड बस स्टॉप पहुंचा, जहां दोनों के बीच इसी बात को लेकर हल्की मारपीट हुई.शिकायतकर्ता ने प्रारंभ में मारपीट के दौरान पिस्टल दिखाने का आरोप लगाया था, लेकिन जांच में इसकी पुष्टि नहीं हुई। बाद में उसने बताया कि मारपीट के दौरान पुनीत की जेब से मोबाइल फोन गिर गया था, जिसे उसने पिस्टल/रिवॉल्वर समझ लिया था।पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता ने कोई लिखित शिकायत नहीं दी और दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से मामले में समझौता कर लिया।
