अनिल कुमार,किन्नौर: प्रदेश में 2 दिनों से मौसम खराब चल रहा है। वहीं प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने से तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। बात अगर जिला किन्नौर की कि जाए तो यहां भी ऊंची पहाड़ियों पर बर्फबारी हुई है,जिससे तापमान काफ़ी नीचे लुढ़क गया है। वहीं गुरुवार को जिला किन्नौर में माईनस तापमान के बीच विधानसभा चुनावों के मद्देनजर जिला के 128 पोलिंग बूथों पर पोलिंग पार्टियों को रिकांगपिओ के बचत भवन से रवाना किया जा रहा है। आज शाम 2 बजे तक यह प्रक्रिया जारी रहेगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी आबिद हुसैन सादिक ने जानकारी देते हुए बताया कि किन्नौर जिला के कुछेक क्षेत्र जिसमें आसरंग, कुनो चारंग व छितकुल गांव में भारी बर्फबारी के बाद सड़क बहाली क़ा कार्य जारी है, जिसके बाद आज शाम तक वहां पर भी पोलिंग पार्टीयां पहुंच जाएगीं। इसके अलावा अन्य बूथों पर रिकोंगपिओ से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया जा रहा है और इन पोलिंग पार्टियों के साथ पुलिस, होमगार्ड के जवान भी सुरक्षा की दृष्टि के मद्देनजर भेजे जा रहे है, ताकि जिला के 128 बूथों तक ईवीएम मशीनों को सुरक्षित पहुंचाया जा सके।
उन्होंने कहा कि जिला में दो दिनों से तापमान शून्य से नीचे चला गया है, ऐसे में ठंड को देखते हुए पोलिंग पार्टीयों को गर्म वस्त्र पहनने के निर्देश दिए है और बसों व छोटे फॉर बाई फॉर वाहनों में इन्हें रवाना किया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि पोलिंग पार्टियां जैसे ही अपने अपने बूथों पर पहुंचेंगीं तुरंत ईवीएम मशीनों को सुरक्षित जगहों पर रखा जाएगा। उन मशीनों की निगरानी पुलिस बल करेगी साथ ही इस विधानसभा चुनावों को शांतिपूर्ण ढंग से करवाने के लिए उन्होंने जिला के लोगों से भी सहयोग मांगा है।
