Kangra, Sanjeev-:हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार को लेकर भाजपा ने एक बार फिर आक्रामक रुख अपनाया है। कांगड़ा जिले के सबसे बड़े स्वास्थ्य संस्थान डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा की व्यवस्थाओं, डिपुओं में राशन की कमी और कांग्रेस की चुनावी गारंटियों को लेकर कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष पवन काजल ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जवाली विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में आम जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान है।
विधायक पवन काजल ने कहा कि प्रदेश का सबसे बड़ा स्वास्थ्य संस्थान टांडा अस्पताल बदहाल स्थिति में पहुंच चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज हालात यह हैं कि मामूली पथरी जैसे ऑपरेशन के लिए भी मरीजों को कई-कई महीनों बाद की तारीख दी जा रही है। इससे गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुधारने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है।
पवन काजल, विधायक कांगड़ा एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष:
“टांडा अस्पताल की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। छोटे ऑपरेशन के लिए भी लोगों को छह महीने तक इंतजार करना पड़ रहा है। स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। इसके साथ ही राशन डिपुओं में लोगों को पूरा राशन तक नहीं मिल पा रहा।”
पवन काजल ने कांग्रेस सरकार की छह गारंटियों पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि हर साल एक लाख नौकरियां देने और 58 साल की उम्र तक पक्की नौकरी देने जैसे वादे केवल कागजों तक सीमित रह गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं को 1500 रुपये देने की घोषणा का लाभ अब तक जमीनी स्तर पर कहीं नजर नहीं आया है।“मुख्यमंत्री कहते हैं कि छह गारंटियां पूरी हो चुकी हैं, लेकिन सच्चाई यह है कि धरातल पर एक भी गारंटी पूरी होती नहीं दिख रही। आज तक एक भी ऐसी महिला सामने नहीं आई, जिसके खाते में 1500 रुपये आए हों।”
भाजपा विधायक ने प्रदेश की बिगड़ती आर्थिक स्थिति के लिए भी कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कार्यकाल में शुरू की गई कई जनहितकारी योजनाओं को मौजूदा सरकार ने डिनोटिफाई कर दिया, जिससे विकास की गति रुक गई है। पवन काजल ने कहा कि भाजपा विकास और ईमानदार राजनीति में विश्वास रखती है, जबकि कांग्रेस सरकार जनता से किए वादों पर खरी नहीं उतर पाई है।
TAGGED:
Kangra MLA Pawan Kajal
Chandrika
