अनिल कुमार, किन्नौर: प्रदेश में विधानसभा चुनाव 12 नवंबर को हो गए हैं। अब 8 दिसंबर को मतगणना की प्रक्रिया पूरी करने के साथ ही चुनावी परिणाम घोषित किया जाना है। जिला निर्वाचन अधिकारियों की ओर से मतगणना से जुड़ी तैयारियां पूरी की जा रही है। 8 दिसंबर को सुबह 8 बजे से ही मतगणना शुरू कर दी जाएगी।
मतगणना की प्रक्रिया को शुरु करने से पहले सुबह 7 बजे रिटर्निंग अधिकारी, सहायक रिटर्निंग अधिकारियों, उम्मदीवारों, चुनावी एजेंट व चुनावी पर्यवेक्षक की उपस्थिति में स्ट्रांग रूम खोला जाएगा।
निर्वाचन अधिकारी एवं उपमंडलाधिकारी कल्पा डॉ. मेजर शशांक गुप्ता ने जिला निर्वाचन विभाग के अधिकारियों को मतगणना वाले दिन आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि 3 व 7 दिसंबर को मतगणना के लिए तैनात सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
